इंग्लिश शराब की बड़ी खेप बरामद, भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता
ईशीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी, कुख्यात शराब माफिया गिरफ्तार

संजीव कुमार शर्मा संवाददाता
भागलपुर। पीरपैंती प्रखंड के ईशीपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार को अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद कर एक कुख्यात शराब माफिया को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई शराब माफियाओं के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है।
ईशीपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (कहलगांव) अर्जुन कुमार गुप्ता ने बताया कि थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पचरूखी (हरदेव चक यादव टोला) निवासी गौतम कुमार, पिता स्व. रामकिशुन यादव, धुनियाचक स्थित अपने अस्थायी घर में अवैध विदेशी शराब का भंडारण कर रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही छापेमारी टीम गठित कर धुनियाचक गांव में आरोपी के घर पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान घर के एक कमरे से 176.25 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद शराब की विधिवत जब्ती सूची तैयार की है।
एसडीपीओ ने बताया कि बरामदगी के बाद शराब के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। इस मामले में ईशीपुर थाना कांड संख्या 144/25 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम (संशोधित 2018) के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौतम कुमार का आपराधिक इतिहास है और वह लंबे समय से शराब कारोबार में सक्रिय था।
