अंचल कार्यालयों के CSC-VLE को विभागीय ऑनलाइन सेवाओं के सुगम प्रसार के लिए आवासीय प्रशिक्षण शुरू


राजस्व सर्वे संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में कार्यक्रम का शुभारंभ

पटना, शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार से अंचल कार्यालयों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के विलेज़ लेवल एंटरप्रेन्योर (VLE) के लिए आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विभागीय ऑनलाइन सेवाओं को आम रैयतों तक सहज, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुँचाना है।

उद्घाटन कार्यक्रम में भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के अपर मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार में CSC-VLE की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाओं को ग्रामीण स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में प्रशिक्षित VLE बड़ी भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में निदेशक, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, श्रीमती जे. प्रियदर्शिनी, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम प्रकाश, तथा प्राचार्य, राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, श्री दिव्य राज गणेश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण मॉड्यूल एवं उसकी उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान VLE को बिहारभूमि पोर्टल, भूमि सुधार से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएँ, दस्तावेज़ों का डिजिटल प्रबंधन, राजस्व कार्यों में आईटी का उपयोग तथा सामान्य जनों को सुचारू सेवा प्रदाय जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद CSC-VLE गांव-गांव तक विभागीय ई-सेवाओं को अधिक दक्षता के साथ पहुंचा सकेंगे।

सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी आम नागरिक को सेवाओं के लिए भटकना न पड़े। इसके लिए CSC नेटवर्क को और सशक्त तथा प्रशिक्षित बनाना समय की आवश्यकता है।

 

#CSC #Training #VLE #Bihar #BiharBhumi #BiharRevenueAndLandReformsDept

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *