अजगैबीनाथ धाम में प्रस्तावित नेशनल एयरपोर्ट का उपमुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण

सम्राट चौधरी बोले – जल्द शुरू होगा भूमि अधिग्रहण, एयरपोर्ट समेत कई बड़ी योजनाओं को मिलेगी गति

भागलपुर / सुल्तानगंज
बिहार सरकार के गृह मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम क्षेत्र में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डा का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मसदी, कमरगंज और गनगनिया क्षेत्र का ऊपर से निरीक्षण कर स्थल की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने हेलीकॉप्टर से कृष्णानंद स्टेडियम, सुल्तानगंज पहुंचे, जहां जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को भी हेलीकॉप्टर में बैठाकर प्रस्तावित एयरपोर्ट स्थल का हवाई निरीक्षण कराया गया।

हवाई सर्वेक्षण के बाद कृष्णानंद स्टेडियम लौटने पर उपमुख्यमंत्री का विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू सहित एनडीए कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री सुल्तानगंज स्थित निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के सभी वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ एक गोपनीय समीक्षा बैठक की। बैठक में नेशनल एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति, भूमि अधिग्रहण और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

मीडिया से बातचीत में क्या बोले उपमुख्यमंत्री
मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि—
“अजगैबीनाथ धाम क्षेत्र में बनने वाला नेशनल हवाई अड्डा, मरीन ड्राइव, सुल्तानगंज–देवघर रेल लाइन, शिव कॉरिडोर जैसी योजनाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं। इन परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से भागलपुर और सुल्तानगंज क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई दिशा मिलेगी।

मौके पर मौजूद रहे कई अधिकारी और कार्यकर्ता
इस अवसर पर भागलपुर जिला एवं सुल्तानगंज प्रखंड के सभी वरीय प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *