अनुमंडल कार्यालय में पाक्षिक समीक्षा बैठक आयोजित: मद्यनिषेध, अवैध खनन एवं भूमि विवाद जैसे मुद्दों पर हुई गहन चर्चा

भागलपुर: अनुमंडल कार्यालय सदर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सदर, भागलपुर की अध्यक्षता में पाक्षिक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नगर-1 एवं नगर-2 सहित राजस्व, मद्यनिषेध, खनन एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य रूप से मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, अवैध बालू खनन की रोकथाम, विधि-व्यवस्था की मजबूती एवं भूमि विवाद निपटारा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को सतर्क रहकर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
मद्यनिषेध विभाग को निर्देशित किया गया कि शराब की अवैध बिक्री एवं निर्माण पर कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमित छापेमारी की जाए। वहीं, खनन विभाग एवं स्थानीय थाना को निर्देश दिया गया कि गंगा तटीय क्षेत्रों में हो रहे अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

भूमि विवादों को लेकर भी एसडीओ ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की पहचान कर समयबद्ध निपटारा किया जाए। बैठक में यह भी तय किया गया कि साप्ताहिक/पाक्षिक रिपोर्टिंग प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा ताकि सभी मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव हो सके।
डीएसपी नगर-1 एवं नगर-2 ने विधि-व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी और बताया कि शहरी क्षेत्रों में गश्त, चेकिंग अभियान एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
अंत में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों से सामंजस्य स्थापित कर कार्य करने की अपील की ताकि आमजन तक बेहतर प्रशासनिक सेवाएं पहुंच सकें।
#BhagalpurPolice #DistrictAdministration #HainTaiyarHum #बिहार_मद्यनिषेध #अवैध_खनन #भूमिविवाद #SDO_समीक्षा_बैठक
