अभिलेख भवन परिसर में बहुमंजिला भवन निर्माण का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यासमहत्वपूर्ण दस्तावेजों के संरक्षण को मिलेगी नई दिशा
पटना | संवाददाता

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नेहरू पथ स्थित अभिलेख प्रकोष्ठ भवन परिसर में प्रस्तावित बहुमंजिला अभिलेख भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कार्य की प्रगति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
शिलान्यास के बाद आयोजित संक्षिप्त संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अभिलेखों के समुचित संरक्षण और डिजिटल प्रबंधन को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि अभिलेखों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अभिलेख भवन परिसर के पीछे बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे दस्तावेजों का वैज्ञानिक व सुरक्षित ढंग से संधारण किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन के निर्माण से विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता आएगी। उन्होंने कहा कि अभिलेख किसी भी शासन व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनका सुव्यवस्थित संधारण भविष्य की नीतियों एवं शोध कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य समयबद्ध, तकनीकी मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप पूरा कराया जाए। साथ ही, भवन की आंतरिक संरचना इस प्रकार विकसित की जाए जिससे आधुनिक सुविधाओं के साथ अभिलेखों को दीर्घकालीन सुरक्षा मिल सके।
कार्यक्रम में कई वरीय पदाधिकारी, अभियंता, और विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
