अररिया में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, सफेद बालू लदे दो ट्रैक्टर जप्त


अररिया।
बिहार सरकार के खनन एवं भू-विज्ञान विभाग द्वारा अवैध खनन और बालू के गैरकानूनी परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अररिया जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस क्रम में घूरना थाना एवं बसमटिया थाना क्षेत्र से अवैध रूप से सफेद बालू का परिवहन करते हुए 02 ट्रैक्टरों को जप्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि संबंधित क्षेत्रों में बिना वैध चालान एवं अनुमति के सफेद बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के उपरांत विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान बालू लदे दोनों ट्रैक्टरों को मौके से जप्त कर लिया गया, जबकि वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जप्त किए गए वाहनों के विरुद्ध बिहार खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियमावली के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित थानों में आवश्यक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बालू के गैरकानूनी परिवहन से न केवल राजस्व की क्षति होती है, बल्कि पर्यावरणीय असंतुलन भी उत्पन्न होता है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने के लिए निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है।

खनन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या बालू के गैरकानूनी परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
#IllegalMining
#MinesAndGeologyDept
#NitishKumar
#VijayKumarSinha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *