अवैध खनन रोकथाम समेत विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री-सह-खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को खान एवं भूतत्व विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय सचिव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में चल रही खनन गतिविधियों की प्रगति, अवैध खनन की रोकथाम और राजस्व वसूली की स्थिति की गहन समीक्षा करना था। श्री सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में अवैध खनन की किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए निगरानी तंत्र को और अधिक सशक्त किया जाए तथा नियमित जांच अभियान चलाए जाएं।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने खनिज संपदा के बेहतर दोहन, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में विभागीय सचिव ने विभिन्न जिलों में चल रहे S-Drive (Special Drive) अभियानों की प्रगति, राजस्व संग्रह की रिपोर्ट और ई-ट्रैकिंग सिस्टम के क्रियान्वयन की जानकारी दी।
विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंशा के अनुरूप राज्य में सुशासन स्थापित करते हुए संसाधनों का न्यायपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के अंत में विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन और फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
