अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई गंगा नदी में छापेमारी, 3 नावें जब्त, 7 गिरफ्तार

पटना। खनन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने पटना जिला अंतर्गत मनेर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में चल रहे अवैध बालू खनन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त 03 नावों को जब्त किया गया, जबकि मौके से 07 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से गंगा नदी में अवैध रूप से बालू खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनन एवं भूविज्ञान विभाग तथा स्थानीय पुलिस के सहयोग से विशेष अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त नावें नदी में सक्रिय पाई गईं, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मनेर थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जब्त नावों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार अवैध खनन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देश एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अवैध खनन रोकने के लिए सभी जिलों में सतत निगरानी और नियमित छापेमारी की जा रही है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और राजस्व हितों की रक्षा के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *