अवैध हथियार के साथ पंचायती करने पहुंचे दो गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर भवानीपुर पुलिस की कार्रवाई, स्कॉर्पियो से देसी कट्टा और कारतूस बरामद

रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर: भवानीपुर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ पंचायती में पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानीपुर निवासी अमरेंद्र शर्मा के पुत्र मृत्युंजय शर्मा और स्कॉर्पियो चालक सुरेंद्र शर्मा के पुत्र सुमित शर्मा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर निवासी जयप्रकाश शर्मा की पुत्री और दामाद के बीच घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए एक पंचायत बुलाई गई थी। इस पंचायत में खगड़िया और भवानीपुर क्षेत्र के कुछ लोग स्कॉर्पियो से हथियार लेकर पहुंचे थे। पंचायती के दौरान विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया और मारपीट की आशंका बनने लगी।

इसी बीच किसी ने पुलिस को गुप्त सूचना दी। सूचना मिलते ही भवानीपुर के गश्ती पदाधिकारी पीटीसी दीपक कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक सुमित और मृत्युंजय शर्मा को पकड़ लिया।

पुलिस ने जब तलाशी ली तो स्कॉर्पियो से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वाहन के कागजात आरोपी प्रस्तुत कर सके, लेकिन हथियार के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।

भवानीपुर थाना के एडिशनल एसएचओ हरिश्चंद्र उपाध्याय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *