अस्थावां–बरबीघा–सरसा जमालपुर रेलखंड का सीआरएस निरीक्षण पूरा, जल्द दौड़ेंगी ट्रेनें

पटना/शेखपुरा | संवाददाता

बिहार शरीफ–बरबीघा–शेखपुरा नई रेल लाइन परियोजना के तहत बने अस्थावां–बरबीघा–सरसा जमालपुर रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। रविवार को संरक्षा आयुक्त (रेलवे) सुमित सिंघल ने करीब 18 किलोमीटर लंबे इस खंड का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने सरसा जमालपुर से अस्थावां तक नवनिर्मित लाइन, समपार फाटक, पुल–पुलिया और स्टेशन भवनों का जायजा लिया। रेल अधिकारियों के मुताबिक, संरक्षा आयुक्त से अनुमति मिलते ही इस खंड पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।

करीब 43 किलोमीटर लंबे बिहार शरीफ–अस्थावां–शेखपुरा नई रेल परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया गया है।

  • पहले चरण में जुलाई 2023 में 12.66 किमी लंबे बिहार शरीफ–अस्थावां खंड पर काम पूरा हुआ।
  • दूसरे चरण में 12.5 किमी लंबे शेखपुरा–सरसा जमालपुर खंड का निर्माण किया गया।
  • तीसरे और अंतिम चरण में 18 किमी लंबे अस्थावां–बरबीघा–सरसा जमालपुर खंड को पूर्ण कर रविवार को उसका सीआरएस निरीक्षण किया गया।

इस नई रेल लाइन के साथ तीन नए स्टेशन – अस्थावां, बरबीघा और सरसा जमालपुर का निर्माण किया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिहार शरीफ और शेखपुरा के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। वहीं नालंदा और शेखपुरा जिलों के विकास की रफ्तार को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *