आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने सुल्तानगंज थाने का किया औचक निरीक्षण


रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर : दीपावली, काली पूजा, छठ महापर्व और आगामी विधानसभा चुनाव-2025 को देखते हुए भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने गुरुवार को सुल्तानगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का जायजा लिया और विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार से ली।

एसएसपी ने कहा कि त्योहारों और चुनाव को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और रात्रि गश्ती तेज करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक ने गुंडा पंजी सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने थाना अध्यक्ष को निर्देशित किया कि गुंडा पंजी में दर्ज सभी व्यक्तियों की नियमित हाजिरी सुनिश्चित की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

इसके बाद एसएसपी ने सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पुलिस चेकपोस्टों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी हृदयकांत ने कहा कि, “आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना मेरी पहली प्राथमिकता है।”

निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *