इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम व एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

भागलपुर।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी महोदय, भागलपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया, प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, जैमर की स्थिति एवं वीक्षकों की तैनाती का गहन जायजा लिया गया। अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि परीक्षार्थियों को निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर सतत निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी एवं गश्ती व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है।
प्रशासन की इस सक्रियता से परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों में विश्वास का माहौल बना है कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न होगी।
