इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 : डीएम, एसपी एवं एसडीओ ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

कटिहार।
जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पदाधिकारी, कटिहार द्वारा संयुक्त रूप से सुर तुलसी महाविद्यालय, कटिहार में आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा–2026 के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास द्वार, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्र पर सभी निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन हो रहा है।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा कदाचार की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान सतत गश्त सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों को भयमुक्त एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन का दायित्व है, ताकि वे बिना किसी दबाव के परीक्षा दे सकें। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगे और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार, कटिहार पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे परीक्षा अवधि के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
