इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 : डीएम व एसपी बांका ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा पर जोर

बांका।
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका एवं पुलिस अधीक्षक, बांका द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास द्वार, सीसीटीवी निगरानी, दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्रों पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन हो रहा है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की गुंजाइश न रहे।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का कदाचार, नकल या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने, सतत गश्त रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान चौकसी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने कहा कि छात्रों के हित सर्वोपरि हैं और उन्हें भयमुक्त एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा दे सकें। साथ ही परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी अपील की कि अभिभावक एवं आम नागरिक परीक्षा अवधि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन बांका द्वारा पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वय से इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
