इंडो-नेपाल मीटिंग, सीमा सुरक्षा पर हुई गहन चर्चा

वीरपुर (सहरसा)। भीमनगर थाना परिसर में शनिवार को भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर इंडो-नेपाल मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में दोनों देशों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर सीमा पर शांति व आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी वीरपुर ने की। इसमें वीरपुर, भीमनगर और रतनपुरा थानाध्यक्ष के अलावा एसएसबी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नेपाल की ओर से एपीएफ के अधिकारी तथा बॉर्डर के कोशीबाराज और भन्ताबाड़ी थाना प्रभारी ने भागीदारी की।
बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में आपसी समन्वय बढ़ाने, अवैध आवागमन पर रोक लगाने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। दोनों देशों की पुलिस ने आश्वासन दिया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा।
एसडीओ वीरपुर ने कहा कि भारत-नेपाल की मित्रता और सहयोग को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस तरह की मीटिंग से न सिर्फ सुरक्षा-व्यवस्था सुदृढ़ होती है, बल्कि सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों का भरोसा भी कायम रहता है।
