इनामी कुख्यात सन्नी श्रीवास्तव गिरफ्तार

कटिहार पुलिस–STF की संयुक्त कार्रवाई में हत्याकांड का फरार आरोपी दबोचा, एक सहयोगी भी गिरफ्तार

कटिहार मनोज कुमार शाह

जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बिहार STF की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान में इनामी और कुख्यात अपराधी सन्नी श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। सन्नी लंबे समय से पुलिस की तलाश में था और उस पर हत्या, रंगदारी, लूट और अवैध हथियार कारोबार से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार, सन्नी श्रीवास्तव हाल में हुए एक हत्याकांड मामले में भी मुख्य आरोपी था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर विशेष निर्देश जारी किए गए थे।

जिला पुलिस और STF की टीम को गुप्त सूचना मिली कि सन्नी शहर के एक इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसका एक अन्य साथी भी पकड़ में आया, जो अपराधी गतिविधियों में उसकी सहायता करता था।

कटिहार एसपी ने बताया कि सन्नी श्रीवास्तव की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और तेज की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और कई अन्य मामलों के खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *