‘उड़ान’ से आत्मनिर्भरता को मिलेगी नई दिशा

गया में जीतो लेडीज विंग का दो दिवसीय एग्ज़िबिशन 14 अक्टूबर से

गया | संवाददाता सुरेश निखर
आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण की दिशा में गया में एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही है। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) लेडीज विंग, गया की ओर से ‘उड़ान – एक नई सोच और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम’ नामक दो दिवसीय एग्ज़िबिशन का आयोजन 14 और 15 अक्टूबर को बगीचा लॉन (रेडक्रॉस के सामने, गांधी मैदान) में किया जाएगा।

फाउंडर चेयरपर्सन रुचि जैन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने हुनर, उत्पाद और व्यवसायिक सोच को समाज के सामने प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने कहा कि ‘उड़ान’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नारीशक्ति और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने का एक सशक्त प्रयास है, ताकि उनकी लगन और मेहनत को समाज में पहचान मिल सके।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन 14 अक्टूबर को आईएएस डॉ. सफीना (कमिश्नर) और डीएसपी साक्षी राय द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर शहर की कई नामचीन हस्तियां, समाजसेवी और उद्यमी भी मौजूद रहेंगे।

एग्ज़िबिशन में हस्तशिल्प, वस्त्र, घरेलू उत्पाद, आभूषण, पर्स, घड़ियां, फुटवियर और खाद्य सामग्री सहित कई तरह की रचनात्मक वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। खास बात यह है कि इसमें अधिकांश स्टॉल स्थानीय महिला उद्यमियों और युवाओं द्वारा लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पादों को प्रोत्साहन और पहचान मिलने का अवसर मिलेगा।

वाइस चेयरपर्सन कविता जैन ने कहा कि यह आयोजन गया की प्रतिभाशाली महिलाओं और युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि शहर में महिला उद्यमिता को नई पहचान और दिशा मिलेगी।

चेयरपर्सन रुचि जैन ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें।

मुख्य आकर्षण:

  • 14–15 अक्टूबर को बगीचा लॉन, गया में दो दिवसीय प्रदर्शनी
  • हस्तशिल्प, वस्त्र, आभूषण और घरेलू उत्पादों की बिक्री व प्रदर्शनी
  • महिला उद्यमियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी
  • उद्घाटन – डॉ. सफीना (कमिश्नर) व डीएसपी साक्षी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *