उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आज़ाद के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 1.58 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप

पटना/औरंगाबाद/जहानाबाद — विशेष निगरानी इकाई ने सोमवार को उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आज़ाद के पटना, औरंगाबाद स्थित सरकारी आवास व कार्यालय तथा जहानाबाद के ठिकाने पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई।
निगरानी ब्यूरो के डीआईजी सुधीर कुमार ने बताया कि चारों जगहों पर की गई कार्रवाई में टीम ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज, बैंक लेन-देन से जुड़े कागजात, निवेशों से संबंधित रसीदें और चल-अचल संपत्तियों के प्रमाणों की गहन जांच की। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी सूची तैयार की जा रही है।
डीआईजी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अनिल कुमार आज़ाद के पास उनकी ज्ञात आय और वेतन से कई गुना अधिक संपत्ति पाई गई है।
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दराद ने बताया कि उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आज़ाद के खिलाफ कांड संख्या 26/2025, दिनांक 22.11.2025 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2), 12 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2)(a) के तहत मामला दर्ज है।
जांच का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार सिंह कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनिल कुमार आज़ाद ने सरकारी सेवा में रहते हुए अवैध रूप से कुल 1,58,45,888 रुपये की संपत्ति अर्जित की है। इसमें जमीन, निवेश, बैंक बैलेंस और अन्य चल-अचल संपत्तियाँ शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह उनके ज्ञात स्रोतों से होने वाली आय की तुलना में कई गुना अधिक है।
निगरानी विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। आगे दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद अवैध संपत्ति के अतिरिक्त और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
