उत्सव मना कर सीखते हैं धर्मनिरपेक्षता
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर में दीपोत्सव का आयोजन

 भागलपुर
जगदीशपुर : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर में दीपावली एवं छठ पर्व के अवकाश से पूर्व संध्या पर विद्यालय परिसर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। छात्राओं ने मिट्टी के दीपक जलाकर विद्यालय परिसर को आलोकित किया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने दीपक सजाकर और गीतों के माध्यम से प्रकाश पर्व का महत्व बताया। वातावरण दीपमालाओं और भक्ति गीतों से गूंज उठा। सभी ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की कि दीपों का यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश दे।

प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि विद्यालय में सभी धर्मों और समुदायों के त्योहार मनाए जाते हैं, ताकि छात्राओं में धर्मनिरपेक्षता की भावना और सामाजिक समरसता की समझ विकसित हो सके। उन्होंने कहा, “विद्यालय के बच्चे क्रिसमस, ईद, गुरु पूर्णिमा, दीपावली, करमा-धरमा सहित सभी पर्वों को पूरे उत्साह से मनाते हैं। यह परंपरा उन्हें भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता में अनेकता का महत्व सिखाती है।”

दीपोत्सव अवसर पर वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका शारिका निगार, फूल कुमारी, कर्मी राजकिशोर, वृंदा, रिंकू, सुशीला सहित सभी छात्राओं ने भाग लिया। सभी ने नागरिकों से अपील की कि वे इस दीपावली पर मिट्टी के दीपक जलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें और लोक परंपरा को जीवित रखें।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *