उद्योग विकास की दिशा में रणनीतिक मंथन, RAMP कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित

पटना।
बिहार में उद्योगों को नई दिशा देने और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज उद्योग विभाग के सभागार कक्ष में RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के प्रस्तुतिकरण की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागीय पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान राज्य में निवेश-अनुकूल वातावरण के विस्तार, औद्योगिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा आगामी औद्योगिक परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने MSME सेक्टर के समक्ष मौजूद चुनौतियों, वित्तीय सहायता, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास और बाज़ार तक पहुंच जैसे विषयों पर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
अधिकारियों ने कहा कि RAMP कार्यक्रम के माध्यम से बिहार में उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। इस कार्यक्रम से न केवल छोटे और मध्यम उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि राज्य सरकार बिहार में उद्योगों के सर्वांगीण विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि उद्योग क्षेत्र को नई गति देकर युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं और बिहार को औद्योगिक मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित किया जाए।
अधिकारियों ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग और RAMP जैसे कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से बिहार में MSME सेक्टर को नई पहचान मिलेगी और राज्य आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
#RAMPProgramme
#MSMEDevelopment
#NDA4Bihar
