एग्री स्टैक परियोजना को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन,डीएम आशुतोष द्विवेदी ने विकास भवन सभागार में किया उद्घाटन

कटिहार।
जिला प्रशासन कटिहार द्वारा एग्री स्टैक परियोजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर विकास भवन सभागार में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी कटिहार श्री आशुतोष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि एग्री स्टैक परियोजना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इससे कृषि योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से वास्तविक किसानों तक पहुंच सकेगा।

उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की भूमि, फसल एवं अन्य कृषि से जुड़ी जानकारियां एकीकृत होंगी, जिससे भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि अनुदान एवं अन्य सरकारी योजनाओं के संचालन में सुविधा होगी। जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ किसानों का पंजीकरण कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया, ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग, डाटा प्रविष्टि, सत्यापन प्रक्रिया एवं त्रुटि सुधार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही तकनीकी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार, आईसीडीएस निदेशालय बिहार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पंचायती राज विभाग, परिवहन विभाग, जीविका, कटिहार पुलिस, सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय पर विशेष बल दिया गया।

अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करते हुए एग्री स्टैक परियोजना को जिले में सफल बनाएं, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *