एनटीपीसी शिलान्यास को लेकर डीडीसी और सिटी एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

भागलपुर (संवाददाता) :
आगामी 15 सितंबर को प्रस्तावित पीरपैंती एनटीपीसी थर्मल पावर प्लांट के शिलान्यास समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह और सिटी एसपी शुभांक मिश्र ने स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने एनटीपीसी परिसर में बनाए जा रहे टेंट और कार्यक्रम स्थल का बारीकी से जायजा लिया। डीडीसी ने कहा कि शिलान्यास समारोह में बड़े पैमाने पर जनप्रतिनिधियों और आमजन की मौजूदगी रहेगी, ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, मंच प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी और सिटी एसपी ने प्रखंड मुख्यालय का भी दौरा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सिटी एसपी शुभांक मिश्र ने पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

इसी क्रम में दोनों अधिकारियों ने मानिकपुर पंचायत स्थित ऐतिहासिक जिक्छो पोखर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। डीडीसी ने निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह जीर्णोद्धार क्षेत्र की धरोहर को सहेजने की दिशा में अहम कदम है।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी आशीष कुमार, एसडीपीओ टू अर्जुन कुमार गुप्ता, थानाध्यक्ष नीरज कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शिलान्यास समारोह की तैयारियों पर संतोष जताते हुए समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *