एसएसपी ने किया देर रात विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण गश्ती दल, डायल-112 और थाना स्टाफ की सतर्कता की परखी गई हकीकत

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा देर रात्रि जगदीशपुर, औद्योगिक प्रक्षेत्र बबरगंज, मोजाहिदपुर, बायपास समेत अन्य थानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने गश्ती वाहनों की सक्रियता, डायल-112 टीम की रिस्पॉन्स क्षमता और संबंधित थाना कर्मियों की सतर्कता की बारीकी से जाँच की। उन्होंने यह भी देखा कि आपात स्थिति में पुलिस कितनी तेजी से मौके पर पहुंच रही है और रात्रि गश्त किस स्तर पर संचालित की जा रही है।

जाँच के दौरान गश्ती दलों की तत्परता, डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई तथा थाना स्टाफ की उपलब्धता को विशेष रूप से परखा गया। एसएसपी ने अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

एसएसपी ने कहा कि इस तरह की औचक जांच का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले की जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस प्रकार के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *