एसएसपी सारण का फेक फेसबुक प्रोफाइल बनाकर ठगी, चार साइबर अपराधी गिरफ्तार

सारण। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर ठगी करने वाले चार साइबर अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा है। इन अपराधियों के पास से 124 सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी भागलपुर और राजस्थान के अलवर जिले से हुई है।

पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधियों ने एसएसपी सारण का फेक अकाउंट बनाकर लोगों से पैसे की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की गहन छानबीन की गई और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपितों का लोकेशन ट्रेस किया गया।

छापेमारी कर चारों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया गया। बरामद 124 सिम कार्ड से इनके बड़े गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इनसे पूछताछ कर अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के संदिग्ध लिंक या मैसेज पर विश्वास न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *