ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौत, महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल


रिपोर्ट – शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर। गोराडीह थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के पास पावर ग्रिड मोड़ के समीप मंगलवार देर शाम मालवाहक ऑटो पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय पुलिस की मदद से मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहनपुर गांव निवासी प्रमोद यादव (35) अपने दो महिला सहकर्मियों और वाहन चालक के साथ मालवाहक ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पावर ग्रिड के पास मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रमोद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक सहित दो महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

सूचना पाकर डायल-112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के परिजन दिलीप यादव ने बताया कि प्रमोद एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और रोजाना की तरह काम पर भागलपुर गया था। घर लौटते समय यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसकी सही जानकारी उन्हें नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना घटी।

प्रमोद यादव की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर फफक-फफक कर रो पड़े। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

इधर, मौके पर मौजूद डायल-112 के सब-इंस्पेक्टर हरिंदर साह ने बताया कि जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो ऑटो पलटा हुआ था और पास में कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल थे। सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *