“ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत बरहरवा स्टेशन पर तीन नाबालिग सुरक्षित

मालदा | 23 दिसंबर 2025
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत नाबालिगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आरपीएफ द्वारा लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत बरहरवा रेलवे स्टेशन पर तीन नाबालिग बालकों को सुरक्षित रूप से संरक्षण में लिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन तथा श्री ए. के. कुल्लू, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, मालदा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 दिसंबर 2025 को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा द्वारा नियमित निगरानी एवं चेकिंग के दौरान स्टेशन परिसर में तीन नाबालिग बालक असामान्य परिस्थिति में पाए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि तीनों बालक अपने घरों से बिना अपने अभिभावकों की जानकारी के निकल आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया गय अंकनिर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तीनों नाबालिग बालकों को आगे की देखरेख, परामर्श एवं पुनर्वास हेतु बाल संरक्षण मंथन, राजमहल (साहिबगंज) के सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ, मालदा मंडल की यह संवेदनशील और सराहनीय पहल रेलवे परिसरों में नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आरपीएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे क्षेत्र में यदि कोई असहाय, गुमशुदा अथवा संदिग्ध नाबालिग दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम आरपीएफ कर्मियों को दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
