ऑपरेशन नार्कोस के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 150 बोतल कफ सिरप जब्त


भागलपुर, 27 दिसंबर 2025।
रेलवे परिसर और ट्रेनों के माध्यम से नशीले एवं मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से मालदा रेल मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा “ऑपरेशन नार्कोस” के तहत लगातार सघन जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान मालदा मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ श्री आशीष कुमार कुल्लू के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 25 दिसंबर 2025 को आरपीएफ द्वारा आनंद विहार टर्मिनल–अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20502) के भागलपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित निगरानी के दौरान एक लावारिस बैग बरामद किया गया। आरपीएफ कर्मियों द्वारा कई बार उद्घोषणा कराई गई तथा यात्रियों से पूछताछ भी की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति बैग का दावा करने सामने नहीं आया।

सभी निर्धारित सुरक्षा एवं कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए, गवाहों की उपस्थिति में जब बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से 150 बोतल कफ सिरप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹29,700/- आंकी गई है। कफ सिरप का उपयोग नशीले पदार्थ के रूप में किए जाने की आशंका को देखते हुए आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई की।

किसी भी दावेदार के सामने नहीं आने पर जब्त सामग्री को लावारिस संपत्ति के रूप में विधिवत कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए आरपीएफ पोस्ट, भागलपुर में सुरक्षित रखा गया। इसके उपरांत मामले की सूचना उत्पाद विभाग (एक्साइज), भागलपुर को दी गई। सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताओं के बाद जब्त कफ सिरप को आगे की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया।

आरपीएफ मालदा मंडल की यह कार्रवाई रेलवे नेटवर्क के दुरुपयोग को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत भविष्य में भी ऐसे सघन अभियान जारी रहेंगे।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों या रेलवे स्टेशनों पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी आरपीएफ कर्मियों को दें। यात्रियों का सक्रिय सहयोग ही सुरक्षित एवं संरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *