कटिहार में नया पुलिस चेक पोस्ट बना वाहन चालकों के लिए मुसीबत
विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सघन वाहन जांच, सीसीटीवी से हो रही निगरानी

मनोज कुमार साह कटिहार संवाददाता
कटिहार : विधानसभा आम चुनाव 2025 को लेकर जिले में आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में कटिहार के बालू घाट चौक पर नया पुलिस चेक पोस्ट बनाए जाने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।
चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले हर दोपहिया और चारपहिया वाहन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है, वहीं आम वाहन चालकों को बार-बार रुकने और जांच की प्रक्रिया से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, नव स्थापित यह चेक पोस्ट अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लैस है, जिसके माध्यम से हर गुजरने वाले वाहन की निगरानी की जा रही है। चुनावी माहौल में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के उद्देश्य से पुलिस बल को चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कदम निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बालू घाट चौक पर चेकिंग के कारण कभी-कभी जाम की स्थिति भी बन जाती है, फिर भी अधिकांश लोग इसे आवश्यक कदम मानते हैं। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना जरूरी है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
