कटिहार में बर्तन विक्रेता पर हमला, 12 हजार रुपये लूटे


कटिहार, संवाददाता।
जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चकला गांव में एक बर्तन विक्रेता मोहम्मद अकमल हुसैन के साथ मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें बांग्लादेशी कहकर निशाना बनाया, उनके साथ बेरहमी से पिटाई की और उनके पास से 12 हजार रुपये छीन लिए। यह घटना 11 जनवरी की शाम की बताई जा रही है, जिसमें पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अकमल हुसैन गांव-गांव घूमकर बर्तन बेचने का काम करते हैं। इसी दौरान चकला गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें घेर लिया और उनकी पहचान पर सवाल उठाते हुए बांग्लादेशी होने का आरोप लगाया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जेब में रखे 12 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की सूचना मिलने पर पोठिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेसी नेता तौकीर आलम ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को उसकी पहचान या शक के आधार पर पीटना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित को न्याय दिलाने और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *