कल मधुबनी में होगी मतगणना, डीएम-एसपी ने की व्यापक तैयारी की समीक्षा
आर.के. कॉलेज में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, मोबाइल पर रहेगा प्रतिबंध

मधुबनी, 13 नवंबर
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की मतगणना शुक्रवार, 14 नवंबर को मधुबनी के आर.के. कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न होगी। मतगणना की सभी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बुधवार को डीआरडीए सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी हर हाल में ससमय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुँचें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी एवं उनके अभिकर्ता सहित किसी को भी (वरीय अधिकारी को छोड़कर) मतगणना केंद्र में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

https://youtu.be/IG8fDsNDN1k

त्रिस्तरीय सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था

मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जिला पुलिस बल के जवान सेंटर के अंदर और बाहर तीन लेयर में तैनात रहेंगे। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मतगणना कार्य पर सूक्ष्म निगरानी रखने के लिए मतगणना नियंत्रण कक्ष की स्थापना प्रशासनिक भवन के सामने की गई है।
इस कक्ष के प्रभारी पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी होंगे, जबकि पुलिस प्रभारी के रूप में अंकुर कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) की प्रतिनियुक्ति की गई है।
निगरानी हेतु दूरभाष संख्या 06276-222312 जारी की गई है।

सुविधाओं की पूरी व्यवस्था

मतगणना केंद्र में पेयजल, बिजली, शौचालय, चिकित्सा दल, साफ-सफाई, मीडिया सेंटर, यातायात नियंत्रण और सार्वजनिक प्रसारण प्रणाली की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है।
सिविल सर्जन मधुबनी को निर्देश दिया गया है कि मतगणना कार्य की समाप्ति तक मेडिकल टीम आवश्यक दवाओं सहित तैनात रहे।
मतगणना परिसर में धूम्रपान, तंबाकू, बीड़ी-सिगरेट, माचिस, मोबाइल, वॉकी-टॉकी एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था

मतगणना के दिन शहर में यातायात सुचारू रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
भालसरी चौक ड्रॉप गेट से आर.के. कॉलेज की ओर जाने वाले सार्वजनिक वाहनों को चौबन्नी पट्टी–बलुआ–गांधी चौक–स्टेडियम चौक–वॉटसन स्कूल गेट मार्ग से संचालित किया जाएगा।
राजनगर, बेनीपट्टी, कलुआही, जयनगर की दिशा से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

मतगणना कर्मियों एवं अधिकारियों के वाहनों का प्रवेश गेट नंबर-2 (पिछला द्वार) से परिचय पत्र दिखाने के बाद होगा, जिसकी पार्किंग कॉलेज के उत्तर दिशा में अवस्थित मैदान में की जाएगी।
रहिका की ओर से आने वाले वाहनों का पार्किंग सेंट्रल पब्लिक स्कूल परिसर,
लहेरियागंज–पोखरौनी से आने वाले वाहनों का पार्किंग मीना बाजार के पश्चिमी क्षेत्र में तथा
शहर/रामपट्टी से आने वाले वाहनों का पार्किंग सूड़ी उच्च विद्यालय परिसर में निर्धारित किया गया है।
राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग बलुआ टोल स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में की जाएगी।

 

मीडिया के लिए विशेष व्यवस्था

मतगणना परिसर में मीडिया केंद्र की स्थापना की गई है।
पत्रकारों के लिए बैठने एवं रिपोर्टिंग की सुविधा होगी, परंतु किसी भी पत्रकार को मतगणना हॉल के भीतर मोबाइल या कैमरा लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी।
उनके उपकरण सुरक्षित रूप से मीडिया केंद्र में ही रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *