किराया विवाद से उपजा बवाल, अस्पताल में चोरी और धमकी का आरोप

भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के कंजिया बायपास में किराया विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। लोदीपुर थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार भारती और मनीष कुमार के बीच चल रहे इस विवाद ने अब पुलिस तक दस्तक दे दी है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष कुमार ने करीब दो साल पहले अजय कुमार भारती का मकान द होप अस्पताल चलाने के लिए 11 साल की लीज पर लिया था। आरोप है कि लीज समझौते के बावजूद अजय भारती ने अब तक मकान को पूरी तरह से मनीष के हवाले नहीं किया।
इसी विवाद के बीच हाल ही में अस्पताल से लगभग दो करोड़ रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़ित मनीष कुमार का कहना है कि चोरी की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो अस्पताल से महंगा उपकरण और अन्य सामग्री गायब मिले।
मनीष ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे मकान मालिक अजय कुमार भारती का हाथ है। इतना ही नहीं, जब उन्होंने अजय से बातचीत करने की कोशिश की तो अजय ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित मनीष का कहना है कि अजय कुमार भारती पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार हो रही परेशानियों से आहत होकर उन्होंने मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।
“मैंने पूरे विश्वास के साथ मकान लीज पर लिया था और अस्पताल खोला। लेकिन आज मुझे न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि जान का भी खतरा है। मैं प्रशासन से न्याय की मांग करता हूं।”
