केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने खगड़िया में किया 50,000 मीट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक साइलो गोदाम का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप आधुनिक भंडारण प्रणाली की दिशा में अहम पहल

 

आज खगड़िया जिले के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा, जब केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने 50,000 मीट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक साइलो गोदाम का विधिवत उद्घाटन किया। यह परियोजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आधुनिक, सुरक्षित एवं टिकाऊ खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था की दृष्टि को मूर्त रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 जोशी ने समारोह को संबोधित करते हुए बताया कि यह साइलो गोदाम पूरी तरह यंत्रीकृत है और स्टील संरचना से निर्मित है, जिससे कम स्थान में अधिक मात्रा में अनाज को वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से संग्रहित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस सुविधा के माध्यम से अनाज की बर्बादी लगभग समाप्त हो जाएगी, जिससे स्टोरेज लॉस में भारी कमी आएगी और खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा, “साइलो गोदाम आधुनिक भारत की आवश्यकता हैं, जो किसानों के हितों की रक्षा करने वाले टिकाऊ एवं दीर्घकालिक बुनियादी ढांचे का हिस्सा हैं।” श्री जोशी ने निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए श्री जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार देश के 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है। साथ ही, किसानों के सशक्तिकरण हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का भुगतान अब सिर्फ 48 घंटों के भीतर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक ₹3.80 लाख करोड़ सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।

इस अवसर पर बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, खगड़िया विधानसभा के विधायक पन्नालाल यादव, परबत्ता के विधायक  संजीव कुमार, जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार भी मंच पर उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं आम नागरिकों की उपस्थिति में समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई।

यह अत्याधुनिक साइलो गोदाम न केवल खगड़िया जिले को खाद्यान्न भंडारण के क्षेत्र में नई पहचान देगा, बल्कि खाद्य सुरक्षा के राष्ट्रीय प्रयासों में भी एक मील का पत्थर साबित होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *