“केसरिया बौद्ध स्तूप का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की प्रक्रिया तेज़”

पूर्वी चम्पारण (केसरिया),
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को केसरिया स्थित विश्वप्रसिद्ध बौद्ध स्तूप परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कैफेटेरिया परिसर में निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर के नवनिर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और भगवान बुद्ध को नमन करते हुए ऐतिहासिक स्तूप को प्रणाम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केसरिया स्तूप देश-विदेश से आने वाले लाखों बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है। राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है, ताकि आने वाले समय में यह स्थल बौद्ध पर्यटक सर्किट का एक प्रमुख केंद्र बन सके।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से संवाद किया एवं विद्यालय में विकसित लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्राओं के अध्ययन, आवास व्यवस्था और शिक्षण गतिविधियों के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ताजपुर पटखौलिया स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पहुंचे और वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, उपकरणों एवं लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर के निर्माण से केसरिया स्तूप आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन एवं रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
#BiharTourism
#KesariyaStupa #NDA4Bihar #NewBihar #TransformingBihar
#Champaran #बौद्ध_स्तूप #NitishKumarJi
