खगड़िया में दारोगा घूस लेते गिरफ्तार, फर्जी केस मैनेज करने के नाम पर मांगी थी ₹12 हजार

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर
खगड़िया : बिहार में निगरानी विभाग की टीम ने एक बार फिर घूसखोर पुलिसकर्मी पर बड़ी कार्रवाई की है। खगड़िया जिले के मानसी थाना में तैनात दारोगा रोशन कुमार को ₹12 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, दारोगा रोशन कुमार ने एक ट्रैक्टर चालक ऋषि कुमार से फर्जी केस को मैनेज करने के नाम पर ₹12 हजार की मांग की थी। इस संबंध में चालक ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया और आरोपी दारोगा को घूस लेते हुए दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी दारोगा को भागलपुर स्थित निगरानी न्यायालय में पेश किया।
