खिरीमोड़ थाना का वार्षिक निरीक्षण, नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने दिए प्रभावी पुलिसिंग के निर्देश

आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना श्री भानूप्रताप सिंह द्वारा खिरीमोड़ थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण क्रम में थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों एवं विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की विस्तृत जांच की गई। नगर पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के अद्यतन, साफ-सफाई एवं व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, निर्धारित समयसीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया।
इसके साथ ही अपराध की रोकथाम एवं विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संधारण हेतु रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच को और अधिक प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सक्रिय पुलिसिंग से ही आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
निरीक्षण के दौरान थाना के वरीय पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
