खुले में शौच मुक्त समाज के लिए छात्राओं का जागरूकता अभियान

विश्व शौचालय दिवस पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और मध्य विद्यालय जगदीशपुर का कार्यक्रम
टाइम्स बिहार
जगदीशपुर। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर तथा मध्य विद्यालय जगदीशपुर की छात्राओं ने “खुले में शौच, जल्दी मौत” के सशक्त नारे के साथ पोषक क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। छात्राओं ने घर-घर जाकर स्वच्छ शौचालय के उपयोग, व्यक्तिगत सफाई और बीमारियों की रोकथाम के महत्व के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया।
रैली के बाद विद्यालय प्रांगण में एक विशेष चेतना सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान नारी शक्ति और साहस की प्रतीक झांसी की रानी लक्ष्मीबाई तथा देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि दोनों महान महिलाओं ने दृढ़ निश्चय, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति का जो उदाहरण प्रस्तुत किया, वह आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर शिक्षक अभिनाश सरोज, वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका फूल कुमारी, शारिका निगार, कर्मी राजकिशोर, वृंदा, रिंकू, सुशीला सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय की ओर से आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
