गंगा कटाव से परेशान लोगों के बीच पहुँचे निर्दलीय प्रत्याशी जय प्रकाश मंडल
जनता को दिया हर संभव मदद का भरोसा, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की माँग

रिपोर्ट: भागलपुर (बिहार)
भागलपुर। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी जय प्रकाश मंडल ने शनिवार को सबौर प्रखंड के फर्का पंचायत में गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। शुक्रवार से जारी लगातार बारिश के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में भीषण कटाव शुरू हो गया है। कई घरों की ज़मीन गंगा में समा गई है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
कटाव स्थल पर पहुँचकर जय प्रकाश मंडल ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा, “आप सभी की पीड़ा मेरी पीड़ा है। मैं सिर्फ चुनावी समय में नहीं, हमेशा आपके साथ खड़ा रहा हूँ और आगे भी रहूँगा। कटाव से प्रभावित परिवारों की पुनर्वास और सुरक्षा सुनिश्चित कराना मेरी प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर त्वरित राहत और बचाव कार्य आरंभ कराने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप सबौर से व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नवटोलिया, मकनपुर, रन्नुचक, दुधेला, नाथनगर ब्लॉक, सहित कई गांवों का दौरा किया और घर-घर जाकर लोगों से समर्थन माँगा।
जय प्रकाश मंडल ने लोगों से अपने चुनाव चिह्न कुकर पर 11 तारीख को मतदान करने की अपील करते हुए कहा, “मैंने जिला परिषद सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल में बाढ़ग्रस्त इलाकों में शिविर लगवाए, भोजन और दवाइयों की व्यवस्था करवाई। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया। विधायक बनकर मैं जनता की हर आवाज़ को विधानसभा तक पहुँचाऊँगा।”
स्थानीय लोगों ने भी मंडल के प्रति विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि नेता तो वादे बहुत करते हैं, पर ज़मीन पर काम वही करता है जो जनता के बीच लोगों के दुख-दर्द को समझता हो।
जय प्रकाश मंडल ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “आप सबका प्यार ही मेरी ताकत है। मैं आपका सेवक हूँ और रहूँगा। आइए मिलकर नाथनगर को विकास की राह पर आगे ले चलें।”
