गंगा का जलस्तर बढ़ने से मंडराया बाढ़ का खतरा

घोंघा-एकचारी के खेत डूबे, किसानों को भारी नुकसान की आशंका
भागलपुर : गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिले में बाढ़ का खतरा एक बार फिर गहराने लगा है। सबसे ज्यादा असर घोंघा-एकचारी इलाके में दिख रहा है, जहां किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन पर लगी धान और मक्का की खड़ी फसलें पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं। खेतों में बाढ़ का पानी भर जाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी धीरे-धीरे गांव की बस्तियों तक पहुंचने लगा है। कई परिवारों के घरों में पानी घुसने से लोग दहशत में हैं और सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुट गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति ने उनके सामने आजीविका संकट खड़ा कर दिया है।
इस बीच, जिला प्रशासन ने दावा किया है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। बाढ़ नियंत्रण विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में नाव की व्यवस्था की जा रही है और बचाव दलों को भी सतर्क कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर राहत शिविर भी लगाए जाएंगे।
ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द राहत शिविर और मुआवजे की व्यवस्था की जाए, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके और बाढ़ के दौरान उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके।
भाजपा नेता दिलीप मिश्रा ने कहा कि “बाढ़ प्रभावित किसानों और ग्रामीणों की पीड़ा गंभीर है। प्रशासन को तत्काल राहत कार्य शुरू करना चाहिए और मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।”
