गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर हवाई अड्डा मैदान में परेड रिहर्सल का निरीक्षण

डीएम व एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
सीतामढ़ी, प्रतिनिधि।
गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 24 जनवरी 2026 को हवाई अड्डा मैदान, डुमरा में आयोजित परेड रिहर्सल का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परेड में सम्मिलित विभिन्न टुकड़ियों की ड्रिल, अनुशासन, टर्नआउट, आपसी समन्वय तथा संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। परेड रिहर्सल की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, ऐसे में कार्यक्रम की हर व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की चूक से बचने के निर्देश दिए।
प्रशासन का उद्देश्य है कि 26 जनवरी को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय मुख्य समारोह पूरी गरिमा, अनुशासन और सुरक्षा के साथ संपन्न हो, ताकि आम जनता को एक यादगार आयोजन देखने को मिल सके।
