गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

20 जनवरी से सैंडिस कंपाउंड में परेड अभ्यास, 24 को होगा अंतिम पूर्वाभ्यास
भागलपुर, 08 जनवरी 2026।
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों को समयबद्ध एवं भव्य रूप से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मुख्य समारोह की परेड की तैयारी 20 जनवरी से सैंडिस कंपाउंड में प्रारंभ की जाएगी। परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को पूर्वाह्न 9:00 बजे से किया जाएगा, जिसका निरीक्षण जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
मुख्य समारोह में कमेंट्री आकाशवाणी भागलपुर के उद्घोषक द्वारा कराए जाने का निर्णय लिया गया, जिसे सुनिश्चित कराने हेतु जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को अधिकृत किया गया। समारोह स्थल सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों पर राष्ट्रगान की प्रस्तुति के लिए झुनझुनवाला बालिका उच्च विद्यालय, मोक्षदा इंटर बालिका उच्च विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों के छात्रों को अवसर देने का निर्देश दिया गया। इसकी समीक्षा की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपी गई है।
परेड में सीटीएस बैंड नाथनगर द्वारा बैंड की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं परेड प्रदर्शन में बीएमपी, डीएपी, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा फायर ब्रिगेड की टुकड़ियां शामिल होंगी।
मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें आईसीडीएस, जीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, उत्पाद एवं मद्य निषेध, परिवहन, ग्रामीण विकास तथा पुलिस विभाग शामिल हैं।
बेहतर परेड प्रदर्शन करने वाले दल नायक को पुरस्कृत किए जाने का भी निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त नागरिक एकादश एवं जिला प्रशासन एकादश के बीच 20-20 क्रिकेट मैच का आयोजन सैंडिश मैदान में किए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अपर समाहर्ता (राजस्व) सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
