गति शक्ति विश्वविद्यालय की दूसरी कोर्ट बैठक आयोजित, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की अध्यक्षता


नई दिल्ली
गति शक्ति विश्वविद्यालय (GSV) ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में अपनी दूसरी कोर्ट मीटिंग का आयोजन किया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। बैठक में विश्वविद्यालय की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और शैक्षणिक दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गति शक्ति विश्वविद्यालय ने मात्र तीन वर्षों के भीतर उद्योग-उन्मुख दृष्टिकोण के साथ उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि GSV आज परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में एक आदर्श उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में तेजी से उभर रहा है, जो देश की बुनियादी ढांचा आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय रेलवे, विमानन, पुल एवं सुरंग इंजीनियरिंग, जहाज निर्माण, रक्षा, लॉजिस्टिक्स और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान को और अधिक मजबूत करेगा। इससे न केवल युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा मिलेगी, बल्कि देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को भी नई गति मिलेगी

बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्यक्रमों, इंडस्ट्री पार्टनरशिप, रिसर्च इनोवेशन और भविष्य की रणनीतियों पर भी मंथन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि GSV का उद्देश्य राष्ट्रीय गति शक्ति मिशन के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना है, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर लॉजिस्टिक्स और परिवहन के क्षेत्र में सशक्त बन सके।
Ministry of Railways, Government of India के मार्गदर्शन में संचालित गति शक्ति विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान का एक प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *