गया हवाई अड्डा केंद्र में विभिन्न पर्यावरणीय एवं पर्यटन विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया
गया वन प्रमंडल के अंतर्गत हदहदवा, जैव विविधता पार्क कंडी, सिलौंजा, और गया हवाई अड्डा केंद्र में विभिन्न पर्यावरणीय एवं पर्यटन विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य मानव और प्रकृति के सहअस्तित्व को सुदृढ़ करना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय पर्यटन एवं अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जाएगा।
गया में स्थित बिहार का पहला जैव विविधता पार्क, जो डोभी के पिपरघट्टी एनएच-2 के किनारे 63.85 एकड़ भूमि पर फैला है, 2016 में स्थापित किया गया था। इस पार्क में 260 से अधिक प्रजातियों के पौधों का संरक्षण किया जा रहा है, जिसमें 21 प्रजाति के फूलदार पौधे, 48 प्रजाति के औषधीय पौधे, 19 प्रजाति के फूलदार पौधे, 15 प्रजाति के फाइकस, 11 प्रजाति के बांस, 50 प्रजाति के पाम, और 96 दुर्लभ, विलुप्तप्राय एवं महत्वपूर्ण प्रजाति के पौधे शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र विशेष की जैव विविधता का संरक्षण करना और अनुवांशिक जैविक स्टॉक को बनाए रखना है।
इसके अतिरिक्त, इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन (ICAO) के 80वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गया हवाई अड्डे पर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत, गया हवाई अड्डा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 2,000 पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें से 500 पौधों का रोपण पहले ही किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य हरित वायुमंडल को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना है।
इन परियोजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर, मुख्य अतिथि श्री जीतन राम मांझी, विशिष्ट अतिथि श्री अवधेश नारायण सिंह, श्री जीवन कुमार, श्री कुमार सर्वजीत, और श्रीमती मनोरमा देवी सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।