गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के लिए “कमाल का कैम्प”: सीखना अब होगा मजेदार और मजबूत

रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह
जहानाबाद: बच्चों की गर्मी की छुट्टियों को सिर्फ मनोरंजन का समय न मानते हुए, इसे शिक्षा की मज़बूत नींव रखने का अवसर बनाने की दिशा में एक नवाचार किया जा रहा है। “कमाल का कैम्प” नामक इस अभियान की शुरुआत जहानाबाद जिले में की जा रही है, जिसका उद्देश्य है – कक्षा 5 से 6 में जाने वाले लगभग 5000 बच्चों को पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी दक्षताओं में मज़बूत बनाना।
इस अभियान को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से ज़िला प्रशासन द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। आज समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में इस अभियान की रूपरेखा और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीएम ने कहा –
“गर्मी की छुट्टियों में शिक्षण कार्य रुकता नहीं, बल्कि इसे रोचक, सामुदायिक और सहभागी बनाकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है। ‘कमाल का कैम्प’ इसी सोच का सशक्त उदाहरण है।”
मुख्य बिंदु: ‘कमाल का कैम्प’ की कार्ययोजना
- प्रशिक्षण: इंजीनियरिंग कॉलेज हुलासगंज और पॉलिटेक्निक कॉलेज मखदुमपुर के छात्र-छात्राओं को शिक्षण के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
- स्वयंसेवक चयन: उच्च विद्यालयों से 10वीं या +2 पास विद्यार्थियों में से 15-20 उत्साही युवाओं को चुना जाएगा।
- कैम्प स्थल: गाँवों में पेड़ों की छाँव, चबूतरों और खुले सुरक्षित स्थानों को शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
- शिक्षण सामग्री: संख्या कार्ड, पासे, चित्र प्रश्न, डायरी, ब्लैकबोर्ड आदि उपलब्ध कराए जाएंगे।
- कैम्प संरचना: हर कैम्प में 12–15 बच्चे होंगे और रोजाना 1–2 घंटे की कक्षाएँ चलेंगी।
- प्रशस्ति पत्र: 15–20 बच्चों को प्रभावी ढंग से पढ़ाने वाले स्वयंसेवकों को ज़िला प्रशासन द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
- मॉनिटरिंग: जीओ टैगिंग, रिमोट मॉनिटरिंग और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
क्यों जरूरी है यह अभियान?
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र अपने कक्षा स्तर के अनुसार पढ़ने-लिखने या गणित में दक्ष नहीं हो पाए हैं। यह अभियान ऐसे बच्चों को वहीं से पढ़ाना शुरू करेगा, जहाँ वे वास्तव में खड़े हैं। इसका उद्देश्य है कि जब वे अगली कक्षा में जाएं तो आत्मविश्वास और कौशल दोनों के साथ जाएं।
प्रेरक विचार:
“अगर हर गाँव में कुछ ऊर्जावान युवा आगे आएं, तो हर बच्चा शिक्षा की दौड़ में पीछे नहीं रहेगा।”
“कमाल का कैम्प” न केवल शिक्षा को घर-घर पहुँचाने की पहल है, बल्कि यह समुदाय, युवा और प्रशासन के समन्वय से एक समृद्ध और शिक्षित समाज की ओर कदम भी है
