गाँधी मैदान में दशहरा तैयारियों का जायजा, भीड़ और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

पटना | संवाददाता

पटना प्रमंडल आयुक्त ने रविवार को जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ गाँधी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान आगामी रामलीला महोत्सव (22 सितम्बर से 3 अक्टूबर) और रावण वध कार्यक्रम (2 अक्टूबर) की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण से जुड़े इंतज़ामों का जायज़ा लिया।

इसके साथ ही श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में 25 से 28 सितम्बर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय दशहरा महोत्सव–2025 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने आयोजन समिति के सदस्यों से संवाद कर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दशहरा पर्व को लेकर सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था की तैयारियों में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।

आयुक्त ने कहा कि गाँधी मैदान में हर साल लाखों की संख्या में लोग दशहरा कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, ऐसे में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इस बार की तैयारियां और भी सख्त व चाक-चौबंद होंगी।

दशहरा महोत्सव और रावण वध कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार भी भव्य आयोजन देखने को मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *