गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस की तैयारियों का डीएम पटना ने किया निरीक्षण, 11 से 25 जनवरी तक मैदान आमजन के लिए रहेगा बंद

पटना, 10 जनवरी 2026।
जिलाधिकारी, पटना ने आज वरीय अधिकारियों के साथ गांधी मैदान का भ्रमण कर गणतंत्र दिवस समारोह, 2026 की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
तैयारियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पूरे गांधी मैदान को चार जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जो निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण एवं यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सजग, तत्पर एवं पूर्णतः प्रतिबद्ध रहकर कार्य करना होगा, ताकि समारोह का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बताया गया कि परेड का रिहर्सल 11 जनवरी 2026 से प्रारंभ होगा। राजकीय समारोह के लिए प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों के अनुसार समुचित तैयारी सुनिश्चित करने हेतु गांधी मैदान, पटना 11 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक आम नागरिकों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। वहीं, 26 जनवरी को आम दर्शकों के लिए गांधी मैदान खोला जाएगा, ताकि लोग समारोह का प्रत्यक्ष आनंद ले सकें।
