गृह रक्षकों की बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु खगड़िया डीएम ने किया निरीक्षण

खगड़िया, 26 मई 2025 – गृह रक्षकों की स्वच्छ और निष्पक्ष बहाली प्रक्रिया के तहत आज खगड़िया जिले में शारीरिक दक्षता जाँच परीक्षा का आयोजन किया गया। कुल 1400 अभ्यर्थियों में से 1036 ने परीक्षा में भाग लिया, जिसमें 1600 मीटर दौड़ के बाद 387 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए।
शारीरिक माप में 28 अभ्यर्थी असफल रहे, जबकि शेष 359 अभ्यर्थियों ने अन्य शारीरिक परीक्षणों में सफलता प्राप्त कर मेधा सूची के लिए योग्य घोषित किए गए हैं। आगामी चरण में इनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी खगड़िया ने स्वयं परीक्षा स्थल का निरीक्षण कर निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी आदेश दिया कि प्रत्येक दिन परीक्षा के प्राप्तांक जिला की वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएं ताकि अभ्यर्थी पारदर्शी तरीके से अपने अंकों की जांच कर सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया तकनीकी रूप से संचालित है और किसी भी तरह के मानवीय हस्तक्षेप की संभावना नहीं है। डीएम ने पैसे के लेन-देन या सिफारिश की कोशिश पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
