घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, साक्ष्य छुपाने को शव फेंका गंगा में

रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर: जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवनगामा गांव में एक महिला की हत्या कर उसके शव को गंगा में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान खगड़िया के गोगरी निवासी काजल के रूप में हुई है।
नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि घटना घरेलू विवाद के बाद हुई मारपीट के दौरान हुई। आरोपी पति गौतम यादव ने पूछताछ में बताया कि झगड़े के दौरान हुई मारपीट में काजल की मौत हो गई थी। इसके बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस को जब इस मामले की सूचना मिली तो एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भवनगामा से आरोपी गौतम यादव को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गंगा किनारे से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका की सास जानकी देवी और ससुर वासुदेव यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि काजल के परिजनों को ससुराल वालों ने पहले यह कहकर गुमराह किया कि उसने आत्महत्या की है। लेकिन जब काजल के परिजन भवनगामा पहुंचे तो आरोपी पक्ष घर से फरार था, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी।
मामले में परिजनों की शिकायत पर दहेज हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
