घर में चोरी की वारदात — शाहकुंड प्रखंड के हाजीपुर पंचायत समिति सदस्य के घर से नगद व जेवरात चोरी

रिपोर्ट — भागलपुर (बिहार)
भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत हाजीपुर पंचायत स्थित पंचायत समिति सदस्य के आवास पर बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान पंचायत समिति सदस्य के पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ बिट्टू ने बताया कि घटना का पता तब चला जब उनके स्टाफ विनोद पासवान ने फोन कर घर का स्टर (गेट) खुला होने की सूचना दी।
बिट्टू ने बताया कि वह उस समय अपने ननिहाल में थे। स्टाफ के पूछने पर जब उन्होंने कहा कि गेट उन्होंने बंद कर रखा था, तो शक हुआ कि घर में चोरी हो चुकी है। बिट्टू ने विनोद से सीसीटीवी कैमरा जांचने को कहा, लेकिन पता चला कि कैमरे की तारें काट दी गई थीं, जिससे स्पष्ट था कि चोरों ने पूरी तैयारी के साथ घटना को अंजाम दिया।
घर लौटने पर पाया गया कि कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे, और करीब 1.5 लाख रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, केवला, और महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित कई सामान चोरी हो गए थे। बताया जा रहा है कि कुछ दस्तावेज और सामान जला दिए गए थे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) डिंपल को बिट्टू ने फोन कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्क्वॉड डॉग की मदद से जांच की जाएगी।
बिट्टू ने आशंका जताई कि गांव के कुछ लोग राजनीतिक रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दे सकते हैं, क्योंकि वे पहले जदयू पार्टी के युवा प्रखंड अध्यक्ष रह चुके हैं और हाल में उनकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ी थी।
बिट्टू की मां ने बताया, “शाम करीब 7 बजे फोन आया, हम लोग अर्घ्य देकर घर लौटे ही थे कि चोरी की खबर मिली।” वहीं, विनोद पासवान (ग्राम नारायणपुर) ने बताया कि “मालिक परिवार सहित ननिहाल गए थे। उन्होंने दुकान की एक चाभी मुझे दी थी। जब मैं घर पहुंचा तो गेट खुला देखा और तुरंत मालिक को फोन कर सूचना दी। बाद में जब वे आए, तो देखा कि पूरा घर अस्त-व्यस्त था।”
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डॉग स्क्वॉड की सहायता से जल्द सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
