चल पड़ा ‘गणित एक्सप्रेस’ – स्वागत सप्ताह में रोचक गणितीय गतिविधि से बच्चों का मन मोहा

जगदीशपुर (भागलपुर) – ग्रीष्मावकाश के उपरांत प्रारंभिक सरकारी विद्यालयों में बच्चों को फिर से विद्यालयीन माहौल से जोड़ने हेतु “स्वागत सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मध्य विद्यालय, जगदीशपुर में तीसरे दिन ‘गणित एक्सप्रेस’ के तहत एक रोचक गणितीय गतिविधि आयोजित की गई।कार्यक्रम की शुरुआत प्रेरणादायक चेतना सत्र से हुई, जिसमें प्रधानाध्यापक श्री आशुतोष चन्द्र मिश्र ने बच्चों को गणित विषय की महत्ता और उसकी सरलता पर रोचक तरीके से संबोधित किया। उन्होंने कहा, “गणित सबसे हल्का और रोचक विषय है। आम जीवन में पढ़े-लिखे बिना भी लोग इसका प्रयोग करते हैं।”उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अन्य विषयों की तरह गणित में अनुशासन जरूर है, लेकिन इसकी खूबी यह है कि यहां अंक किसी भी क्रम में हों, उनका मान बना रहता है। “गणित हमें सिखाता है कि हर व्यक्ति का मान करना चाहिए – चाहे वह गरीब हो या अमीर, दिव्यांग हो या स्वस्थ,” उन्होंने जोड़ा।प्रधानाध्यापक ने बच्चों से कहा, “मैं आपके पीछे शून्य की तरह रहकर हमेशा आपके ‘मान’ को दस गुना करने का प्रयास करता हूं।” यह पंक्ति बच्चों और शिक्षकों दोनों के बीच काफी सराही गई।इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे जिनमें वीवी नाहिदा, शाहिना खातून, कौशिल्या कुमारी, बिन्दु कुमारी, पुष्पलता कुमारी, मुरली कुमार मंडल, नीरज कुमार, अभिनाश सरोज, भारती कुमारी, राजीव कुमार, मिनाक्षी कुमारी, नवल किशोर पंजियारा एवं प्रतिमा मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल थे। साथ ही सभी छात्र-छात्राएं भी बड़े उत्साह के साथ इस आयोजन में सम्मिलित हुए।
