चुनाव के मद्देनज़र सारण में ₹17.45 लाख मूल्य का सोना बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में

छपरा (सारण) | 23 अक्टूबर
आसन्न बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के मद्देनज़र सारण जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भगवानबाजार थाना क्षेत्र के बहुरिया कोठी एसएसटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस टीम ने वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार से लगभग ₹17.45 लाख मूल्य का सोना बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, विशेष सतर्कता टीम (SST) द्वारा जब वाहन की तलाशी ली गई, तो संदिग्ध व्यक्ति के पास भारी मात्रा में सोना पाया गया। बरामदगी की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरी जांच की निगरानी की।
पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद आयकर विभाग को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है ताकि बरामद सोने के स्रोत एवं उद्देश्य की जानकारी प्राप्त की जा सके।
विधानसभा चुनाव के दौरान जिले में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है। संवेदनशील इलाकों में एसएसटी, एफएसटी और फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों को लगातार सक्रिय रखा गया है। चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित मामलों पर भी प्रशासन सख्त निगरानी रखे हुए है।
टाइम्स बिहार न्यूज़
#SaranPolice #BiharPolice #BiharHomeDept #HainTaiyaarHum
Home Department, Govt. of Bihar | Kumar Ashish, IPS | Election Commission of India
